उत्तराखंड : भिकियासैंण ब्लाक प्रमुख सतीश नैनवाल का निधन
अल्मोड़ा। भिकियासैंण के ब्लाक प्रमुख सतीश नैनवाल का असामयिक निधन हो गया है। सतीश रानीखेत विधानसभा के विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के छोटे भाई थे एवं हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में वे भिकियासैंण विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख भी निर्वाचित हुए थे।
बताया गया है कि दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान उन्होंने मंगलवार सुबह अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर आज देर रात तक उनके निवास स्थान भतरोजखान पहुंचने की संभावना है। जिसके उपरांत बुधवार 11 फरवरी को उनका अंतिम संस्कार बेतालघाट में किया जाएगा। उनके निधन की खबर से जहां रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल सहित उनके पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है वहीं पूरे क्षेत्र के साथ ही समूचे उत्तराखण्ड राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।


