उत्तराखंड : स्कूटी सौ मीटर गहरी खाई में गिरी, युवक की मौत
घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी
टिहरी। एक स्कूटी अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार टिहरी जिले के प्रतापनगर के उपली रमोली पट्टी के रैका गांव का निवासी 23 वर्षीय संजय पुत्र सोबन सिंह अपने साथी 24 वर्षीय गणेश सिंह पुत्र जयपाल के साथ लम्बगांव बाजार के लिए स्कूटी पर सवार होकर बीते गुरुवार को निकला था। जैसे ही शाम के 5:00 बजे दोनों लम्बगांव से अपने घर वापिस जाने लगे तो, सेरा कंडियालगांव मे मुर्गी फार्म हाउस के पास 6:00 बजे रैका मोटर मार्ग पर उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि इसमें संजय की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे में स्कूटी चला रहा युवक गणेश गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे ही इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को chc चौड पहुंचाया। युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं जिसकी स्थिति गम्भीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं मृतक युवक का पंचनामा भरकर आगे की कार्यवाही जारी है।

