उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड : नकल कराने का ऐसा जुगाड़ कि हर कोई रह गया दंग, एसटीएफ ने किया आनलाइन नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की टीम ने कर्मचारी चयन आयोग एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को देहरादून से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया निवासी नीतीश कुमार और उत्तराखंड के देहरादून निवासी भास्कर नैथानी के रूप में हुई है। आरोपी अभ्यर्थियों को पास करने के दस लाख रुपये लेते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा आयोजित SSC (कर्मचारी चयन आयोग) मल्टी टॉस्किंग भर्ती परीक्षा-2025 की परीक्षा भारत वर्ष के साथ ही उत्तराखंड राज्य के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने तथा उनके द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का प्रलोभन देकर अपने झांसे में लिए जाने की संभावना के दृष्टिगत पुलिस तथा एसटीएफ उत्तराखंड द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही थी। जिसमें एसटीएफ उत्तरप्रदेश व एसटीएफ उत्तराखंड को उक्त परीक्षा में कुछ लोगों द्वारा गिरोह बनाकर अभ्यर्थियों को धोखा देने की नीयत से उन्हें परीक्षा में पास करने का प्रलोभन देकर मोटी धनराशि की मांग किये जाने तथा एक परीक्षा केन्द्र मे नकल कराये जाने का इनपुट प्राप्त हुये।

प्राप्त इनपुट पर पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ डॉ. नीलेश आनन्द भरणे के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ आरबी चमोला के निकट पर्यवेक्षण एसटीएफ की टीम द्वारा शुक्रवार 13 दिसंबर को उत्तराखण्ड एसटीएफ व उत्तरप्रदेश एसटीएफ की संयुक्त कार्यवाही के दौरान परीक्षा केन्द्र महादेव डिजिटल जोन, एमकेपी इंटर कालेज देहरादून में प्राप्त इनपुट के आधार पर दबिश दी गयी तो परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस रूम में एक कोने पर एक अण्डर ग्राउण्ट चेम्बर (गड्ढा) बनाकर उसमें 02 लेपटॉप मय राउटर के स्वचालित अवस्था में मिले, जिनको रिमोटली चलाया जा रहा था। दोनों लैपटाप के माध्यम से परीक्षा में प्रश्न पत्रों को हल करने में मदद की जा रही थी।

एसटीएफ टीम द्वारा तकनीकी व फॉरेन्सिंक उपकरणों का प्रयोग करते हुए सिस्टम में कब्जे में लेकर सील किया गया तथा अवैध गतिविधि में संलिप्त 02 व्यक्ति नीतिश कुमार पुत्र चन्द्रभान गौड़ निवासी भाटपार रानी देवरिया, उ.प्र. हाल निवासी नागलोई दिल्ली व भास्कर नैथानी पुत्र दिनेश चन्द्र नैथानी निवासी नथुवावाला, देहरादून को गिरफ्तार किया गया।अभियुक्तगणों के विरूद्ध कोतवाली देहरादून पर मु.अ.स. 58/2026 अन्तर्गत धारा 11(1), 11(2), 12(2), 12(3) उत्तराखण्ड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम 2023 व धारा 318(2), 61, 111(3)(4) बीएनएस एवं धारा 66 आईटी एक्ट के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया। जिसकी विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक रैंक के पुलिस अधिकारी द्वारा की जायेगी।

अभियुक्तों से पूछताछ में पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की जाती थी और अत्याधुनिक तकनीकी का प्रयोग कर उनके कम्प्यूटर को रिमोटली एक्सेस लेकर उनका प्रश्नपत्र हल किया जाता था। सह अभियुक्तगणों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गयी हैं। उनके द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश व छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है। एसटीएफ की टीम में क्षेत्राधिकारी मसूरी जगदीश चन्द्र पंत, निरीक्षक नन्दकिशोर भट्ट, उ0नि0 राजेश ध्यानी, हे.का. सुधीर केसला, हे0का0 रामचन्द्र, कान्स. अनिल कुमार, कान्स. कादर खान आदि शामिल रहे।