उत्तराखंड : दर्दनाक सड़क हादसे में दुल्हे के दो भाइयों की मौत, शादी की खुशीयां मातम में बदलीं
एनएच पर तेज रफ्तार कार धान भरे वाहन में पीछे से जा घुसी, घटना में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए
रुद्रपुर। उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां तेज रफ्तार कार धान भरे वाहन में पीछे से जा घुसी। घटना में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दूल्हे के दो भाइयों की दर्दनाक मौत हुई है। जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। बताया गया कि घटना के वक्त उनका बड़ा भाई (दुल्हा) मंडप में सात फेरे ले रहा था। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार हादसा गदरपुर नेशनल हाईवे पर हुआ। एक तेज रफ्तार कार वाहन से टकराई। हादसे के दौरान कार में चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार युवक बुरी तरह फंस गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से उन्हें गंभीर घायल अवस्था में गाड़ी से बाहर निकाला। घटना में दूल्हे के सगे भाई और चचेरे भाई की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए हल्द्वानी ले जाया गया है। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक ग्राम खेमरी, थाना बिलासपुर जिला रामपुर निवासी प्रकाश सिंह बिष्ट के बेटे प्रियांशुल बिष्ट की शादी थी। शनिवार को नवाबगंज के प्रीत पैलेस में विवाह हुआ था। रविवार तड़के तीन बजे प्रियांशुल बिष्ट के सामिया लेक सिटी रुद्रपुर निवासी साक्षी के साथ फेरों की रस्म चल रही थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना में मृतकों की पहचान अंशुल (27) (सगा भाई) और आयुष बिष्ट (24) (चाचेरा भाई) निवासी तोमर कॉलोनी मातपुर, कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। जबकि रोहित सिंह और राजेंद्र पंड्या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद परिजनों में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

