नवीनतमपिथौरागढ़

सिक्किम में ड्यूटी के दौरान पिथौरागढ़ का लाल शहीद- इलाके में मातम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के नजदीकी गणकोट के सुकोली गांव के 19 वर्षीय सैनिक सिक्किम में शहीद हो गए। वह गश्त के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आ गए। इस घटना में उसके दो साथी सुरक्षित बच गए। इस घटना से पूरे जिले में शोक है तो परिजनों में कोहराम है।

जानकारी के अनुसार, 19 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात लांस नायक विकास कुमार 29 मार्च को अपने दो साथियों के साथ सिक्किम सीमा पर नियमित गश्त पर थे। उसी दौरान अचानक तेज हिमस्खलन हुआ और विकास इसकी सीधी चपेट में आ गए। उनके दोनों साथी सुरक्षित निकल पाए, लेकिन विकास कुमार को बचाया नहीं जा सका।

Ad Ad

सिर्फ 19 वर्ष की उम्र में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए विकास कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी प्रीति 8 महीने का बेटा, पिता गणेश मां मंजू देवी (भोजन माता के पद पर कार्यरत) और बड़े भाई को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। जवान बेटे को खोने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, लेकिन पूरे क्षेत्र को उन पर गर्व है कि उनका बेटा मातृभूमि की सेवा करते हुए शहीद हुआ। सेना के अनुसार शहीद का पार्थिव शरीर जम्मू-कश्मीर से दिल्ली एयरलिफ्ट किया जा रहा है। दिल्ली से एंबुलेंस के माध्यम से सुकोली गांव पहुंचाया जाएगा। अंदेशा है कि बृहस्पतिवार तक पार्थिव शरीर पिथौरागढ़ पहुंच जाएगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहादत की सूचना मिलते ही पिथौरागढ़ जिले में शोक की लहर दौड़ गई। सुकोली और आसपास के गांवों में सन्नाटा पसरा है। लोग परिवार के साथ खड़े होने के लिए घर पहुंच रहे हैं, लेकिन परिवार का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

Ad Ad