जनपद चम्पावतबनबसाहादसा

सड़क हादसे में बनबसा थाने में तैनात महिला पुलिस कर्मी की मौत हुई, सीएम धामी ने भी जताया दुख

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में बनबसा थाने में तैनात महिला पुलिस कर्मी की मौत हो गई। सहकर्मी की मौत से पुलिस कर्मियों में शोक की लहर है। महिला पुलिस कर्मी की मौत पर मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार बनबसा थाने में तैनात एसआई विशेष विजयलक्ष्मी (59) पत्नी श्याम लाल निवासी फागपुर बुधवार को दोपहर करीब दो बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने आवास को जा रही थीं। बताया जा रहा है कि अचानक ट्रक संख्या UK05/ CA1735 अनियंत्रित होकर बनबसा थाने के सरकारी वाहन पार्किंग में खड़े पुलिस के सरकारी वाहन और स्टाफ के वाहनों से जा टकराया। ट्रक की चपेट में आकर विजयलक्ष्मी व अन्य घायल हो गए। सीओ आपरेशन अभिनव चौधरी द्वारा सरकारी वाहन से घायल महिला कर्मी विजय लक्ष्मी को संयुक्त चिकित्सालय टनकपुर लाया गया। जहां डा.उमर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस उपाधीक्षक आपरेशन अभिनव चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस द्वारा उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने वाहन चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा महिला के शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।