चम्पावत : पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से युवक की मौत
चम्पावत। लधिया घाटी क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां पहाड़ी से लुढ़के पत्थर की चपेट में आने से बकरी चराने के लिए जंगल गए एक युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह बोहरा ने बताया है कि साल गांव के दिवान सिंह बोहरा (35) 14 जनवरी को बकरी चराने जंगल गए थे। इसी बीच पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से उनकी मौके पर मौत हो गई। आसपास खेत में काम कर रही महिलाओं की सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। एकाएक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया। दिवान सिंह बोहरा के परिवार में पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय घाट में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा और पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा ने कमजोर माली स्थिति को देखते हुए मृतक आश्रितों को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

