चम्पावत : कार दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान हुई मौत
लोहाघाट/चम्पावत। बुधवार को गुमदेश क्षेत्र की मड़चमार रोड पर हुए हादसे में घायल हुए दो युवकों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मालूम हो कि गत 8 अप्रैल को मड़चमार से लोहाघाट आ रही कार (UK03TA/ 0701) झड़पतिया के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से उतर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी। हादसे में शिवराम (35) पुत्र कल्याण राम के सिर और हाथों में गंभीर चोटें आईं थी। उन्हें स्थानीय उप जिला अस्पताल से हल्द्वानी रेफर किया गया था। जहां गुरुवार शाम को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक शिवराम परिवार का मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। वे वाहन चालक का काम करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण संभाल रहे थे। उनके पीछे 16 वर्षीय बड़ी बेटी और 14 वर्षीय बेटा और पत्नी सहित आश्रित परिवार सदस्य हैं। शिवराम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। मृतक का अंतिम संस्कार आज शुक्रवार को स्थानीय श्मशान घाट में किया गया। जबकि हादसे में दूसरे घायल सुरेश राम (32) पुत्र हयात राम को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। उनके परिवार ने जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। परिवार और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और उत्तराखंड सरकार से मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्कर सिंह बोहरा, जिला पंचायत सदस्य पुष्कर राम, ईश्वर राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्कर राम तथा भूपराम ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

