चम्पावत जिले के युवकों ने हल्द्वानी में कर दी फायरिंग! एक युवक के जबड़े में घुसी गोली, हालत गंभीर
हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच पिस्टल का खेल भारी पड़ गया। खेल-खेल में एक दोस्त से फायर हो गया और गोली दूसरे दोस्त के जबड़े में घुस गई। घायल को आनन फानन में एसटीएच लाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद से पिस्टल लाने वाला और गोली चलाने वाले दोनों फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक न्यू पनचक्की चौराहे पर मल्लाकोट पाटी चम्पावत निवासी विष्णु अधिकारी (28) पुत्र देव सिंह की बेकरी शॉप है, जबकि पड़ोस में संजय सिंह बिष्ट का रेस्टोरेंट है। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे विष्णु अपने छोटे भाई विक्रम और कर्मचारी मनोज के साथ था। संजय अपने दोस्त गोकुल, अर्जुन और दीपक बिष्ट पाटी निवासी के साथ रेस्टोरेंट के अंदर बैठा था। दीपक अपने साथ एक पिस्टल लाया था। कुछ देर बाद विष्णु भी रेस्टोरेंट पहुंच गया। दोस्त आपस मे पिस्टल चेक कर रहे थे। एक के बाद एक जब लगातार फायर मिस होने लगे तो संजय ने पिस्टल अपने हाथ मे ले ली। चार फायर मिस कर चुकी पिस्टल से अचानक पांचवा फायर हो गया। पिस्टल की गोली सामने बैठे विष्णु के जबड़े में जा घुसी। गोली चलते ही पिस्टल लाने वाला दीपक और गोली चलाने वाला संजय मौके से भाग गए। गोली की आवाज सुनते ही बाहर बैठे मनोज और विक्रम ने अन्य के साथ विष्णु को एसटीएच पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। सूचना पर कोतवाल हरेंद्र चौधरी भी मौके पर पहुंच गए। गोकुल, मनोज, अर्जुन और विक्रम से पूछताछ की जा रही है, जबकि संजय और दीपक को पुलिस तलाश रही है।
