जनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

डीजीपी अशोक कुमार ने किया भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण, चम्पावत में किया जनसंवाद कार्यक्रम

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सोमवार को भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण कर मातहतों से जानकारी ली। उन्होंने नेपाल और भारत के बीच आवागमन की जानकारी ली। उन्होंने सीमा सुरक्षा के तहत पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। बनबसा स्थित एनएचपीसी के विश्राम गृह में रात्रि विश्राम के बाद डीजीपी सोमवार सुबह चिलियाघोल स्थिति एसएसबी कैंप, भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या सात और एसएसबी चेकपोस्ट में पहुंचे। उन्होंने बूम घाट क्षेत्र और शारदा पार नेपाल की भौगोलिक स्थिति भी देखी। डीजीपी ने पूर्णागिरि मार्ग पर नेपाल सीमा पर स्थित चिलियाघोल एसएसबी कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने एसएसबी के जवानों से सीमा सुरक्षा के लिए पुलिस और एसएसबी के बीच आपसी तालमेल की जानकारी ली। इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी इंद्र सिंह से भी कामकाज की जानकारी ली। बाद में शारदा बैराज चौकी का भी निरीक्षण कर चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह बिष्ट से जानकारी ली। इस दौरान आईजी अजय रौतेला, एसपी लोकेश्वर सिंह, सीओ अविनाश वर्मा, एसओ जसवीर सिंह चौहान, एलआईयू निरीक्षक सुंदर सिंह धनगड़िया, अभिसूचना अधिकारी रामप्रसाद टम्टा, एएसआईओ मो. आसिफ रजा, कोतवाल धर्मवीर सोलंकी, बैराज चौकी प्रभारी गोविंद सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
बनबसा। नेपाल सीमा का दौरा करने के बाद डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि सीमावर्ती समस्याओं को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। उत्तराखंड पुलिस को हाईटेक किया जा रहा है। जल्द ही पुलिस को स्मार्ट, संवेदनशील बनाकर उन्हें आधुनिक हथियार और उपकरण दिलाए जाएंगे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मिल रही जानकारियों, समस्याओं का पुलिस निस्तारण कर रही है। सोशल मीडिया के दुरुपयोग रोकने का प्रयास किया जा रहा है। सोशल मीडिया का सदुपयोग कराना होगा।

चम्पावत में डीजीपी का स्वागत करते डीएम व एसपी।

इससे पहले डीजीपी अशोक कुमार ने रविवार को पुलिस लाइन चम्पावत में जन संवाद एवं प्रेस वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में डीएम विनीत तोमर, एसपी लोकेश्वर सिंह] गणमान्य व्यक्तियों एवं अन्य सम्भ्रान्त व्यक्तियों द्वारा डीजीपी का स्वागत किया गया। इसके बाद गणमान्य व्यक्तियों द्वारा डीजीपी को जनपद की विभिन्न समस्याओं के सम्बन्ध में अवगत कराया गया, जिसमें मुख्य रूप से मादक पदार्थो- स्मैक, चरस आदि की बिक्री/तस्करी पर प्रभावी रोक लगाये जाने, नगर क्षेत्र में सुदृढ यातायात व्यवस्था हेतु नगर क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या से निजात हेतु लिंक रोड, पार्किंग व्यवस्था किये जाने एवं साइबर अपराधों, आनलाइन धोखाधड़ी के सम्बन्ध में समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाये जाने आदि के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में लोगों द्वारा बताई गई समस्याओं के सम्बन्ध में डीजीपी ने उपस्थित सभी लोगों को बताया कि नगर में यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, पार्किंग व्यवस्था, नगर क्षेत्र में दो पहिया वाहनों को टैक्सी के रूप में प्रयोग किये जाने आदि के सम्बन्ध में जनपद पुलिस द्वारा सम्बन्धित विभाग से सम्पर्क कर इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। डीजीपी ने बताया कि जहां नशे, साइबर क्राइम व आनलाइन धोखाधड़ी आदि के प्रकरणों में पुलिस द्वारा शीघ्र कार्यवाही की जाएगी, वहीं नशा, साइबर क्राइम व आनलाईन धोखाधड़ी के सम्बन्ध में पुलिस द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, जो स्कूलों, काॅलेजों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजित किये जाएंगे। नशे के प्रति लोगों को जागरूक किये जाने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार काउंसिलिंग भी की जाएगी।
शिकायती पत्रों के सम्बन्ध में डीजीपी ने उपस्थित सभी लोगों को बताया कि राज्य के सभी थानों में महिला हैल्प डेस्क बनाए जा चुके हैं, जहां पर प्रत्येक व्यक्ति निः संकोच अपनी समस्या, शिकायत को लेकर आएं। हैल्प डेस्क के माध्यम से पुलिस द्वारा लोगों की शिकायती प्रार्थना पत्रों पर रिसीविंग दिये जाने के साथ ही शीघ्र उनकी शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही यह भी बताया कि महिला हिंसा, छेड़खानी व अन्य प्रकरणों के सम्बन्ध में हेल्पलाईन न0- 112 पर आने वाली शिकायतों पर सम्बन्धित थाने द्वारा शीघ्र कार्यवाही की जाएगी तथा 112 की शिकायतों का मेरे द्वारा भी मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके उपरान्त डीजीपी ने प्रेस वार्ता की और पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का सीओ अविनाश वर्मा ने किया। इस दौरान आईजी अजय रौतेला, एसपी लोकेश्वर सिंह, पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड