उत्तराखण्ड

पोती और दादी नदी में बहे, खोजबीन जारी, अब तक नहीं लग सका है कोई सुराग

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़ जनपद के सीमांत क्षेत्र झूलाघाट क्षेत्र में दादी और पोती के बह जाने की खबर आ रही है। सूचना मिलने पर घर में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि रविवार को जनेऊ संस्कार में भाग लेने झूलाघाट से करीब छह किलोमीटर दूर सीमू के लटेश्वरमंदिर में दादी और पोती गए थे। इस दौरान पोती का नदी में पैर फिसल गया और वह बहने लगी तो दादी ने भी कूद मार दी। पोती को बचाने के चक्कर में वह भी पोती के साथ बह गई। जानकारी के अनुसार काली नदी के किनारे नेपाल सीमा से लगे कानड़ी ग्राम पंचायत के सीमू में काली नदी के किनारे लाटेश्वर मंदिर है। जहां रविवार को गांव के ही एक किशोर का जनेऊ संस्कार था। जिसमें भाग लेने के लिए 52 वर्ष की तारा देवी पत्नी खड़क सिंह अपनी आठ साल की पोती लतिका के साथ निमंत्रण में गई थी। इस दौरान पोती को प्यास लगी तो वह दोपहर के करीब एक बजे पानी पीने के लिए अपनी दादी के साथ काली नदी के किनारे गई, लेकिन उसका पैर फिसल जाने की वजह से वह नदी में गिर गई और बहने लगी। पोती को बहते देख दादी ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। दोनों ही तेज बहाव में बह गए। जैसे ही यह खबर स्थानीय लोगों को मिली तो वहां हड़कंप मच गया। नदी किनारे लोग दोनों को खोजने लगे। इस दौरान सूचना झुलाघाट थाने में भी दी गई। पुलिस प्रशासन के साथ-साथ एसएसबी के जवान और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कहीं सुराग नहीं लगा। घटना की जानकारी से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड