जनपद चम्पावतनवीनतम

होली के पावन अवसर पर जनपद चम्पावत पुलिस परिवार से अलग हुई पुलिस की बेटी को दी गई अंतिम विदाई

ख़बर शेयर करें -

जनपद चम्पावत के साईबर सैल पुलिस कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी अर्चना राणा पुत्री महेन्द्र सिंह, निवासी अमाऊ, कोतवाली खटीमा, जनपद उधम सिंह नगर को पुलिस परिवार की ओर से पुलिस लाइन चम्पावत में अंतिम विदाई दी गई।

अर्चना राजकीय कार्य के ​लिए चल्थी चौकी गई थी। शनिवार को वापस आते समय कोतवाली चम्पावत क्षेत्रान्तर्गत चम्पावत टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में बनलेख से 100 मीटर आगे वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गयी। सूचना मिलते ही कोतवाली चम्पावत, एचपीयू, पुलिस कार्यालय, अग्निशमन के जवानों द्वारा मौके पर पहुचकर गहरी खाई से शव को निकाला। रविवार को महिला आरक्षी अर्चना राणा को पुलिस परिवार ने अंतिम विदाई दी। होली के अवसर पर उसे अंतिम सलामी देते वक्त सभी पुलिस कर्मियों की आंखें नम थीं। अर्चना 29 अक्टूबर 2016 को महिला आरक्षी के पद पर जनपद उधम सिंह नगर से भर्ती हुई थी। पुलिस लाइन उधम सिंह नगर में ट्रेनिग के उपरान्त जनपद चम्पावत में उसका स्थानान्तरण हुआ। जनपद चम्पावत में उनके द्वारा कोतवाली चम्पावत, थाना बनबसा, डीसीसी (112) पुलिस कन्ट्रोल रूम तथा वर्तमान में साईबर सैल पुलिस कार्यालय चम्पावत में तैनात थी। महिला आरक्षी अर्चना अपने परिवार में दो भाईयों के बाद सबसे छोटी एवं इकलौती कमाने वाली सदस्य थी। महिला आरक्षी अर्चना काफी सौम्य एवं मृदु स्वभाव की, कर्मठ, ईमानदार, मेहनती, लगनशील, अनुशासित एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी को करने वाली थी। विगत दिनों अलकनन्दा अशोक पत्नी अशोक कुमार पुलिस महानिदेशक द्वारा जनपद चम्पावत भ्रमण कार्यक्रम के दौरान भी महिला आरक्षी के कार्यो की सराहना करते हुऐ उसकी फीठ थपथपाई गई थी। इसी तरह मेहनत एवं ईमानदारी से कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया था। वर्तमान समय में वह ड्यूटी के साथ-साथ आने वाली पुलिस उप निरीक्षक भर्ती एवं समूह- ग भर्ती परीक्षा की भी तैयारी कर रही थी। महिला आरक्षी के दुखद निधन पर जनपद पुलिस परिवार में शोक की लहर व्याप्त है।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड