गोल्ज्यू महोत्सव: स्टार नाइट में लोकगायकों का रहा जलवा, शानदार गीतों पर देर रात तक झूमते रहे लोग

चम्पावत। गोल्ज्यू महोत्सव में सांस्कृतिक संध्या का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। महोत्सव की आखिरी सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध लोक गायक जितेंद्र तोम्क्याल, मीना राणा और प्रह्लाद मेहरा के नाम रही। सभी ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ी और वे देर रात तक गोरल चौड़ मैदान में डटे रहे।

रविवार को गोल्ज्यू महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन एसपी देवेंद्र पींचा ने किया। स्थानीय कलाकार ध्रुव पांडेय ने ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने, सारा कैलाश पर्वत मगन हो गया… के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत की। प्रह्लाद मेहरा के नेतृत्व में जनजागृति कला मंच बिंदुखत्ता के कलाकारों ने कुमाऊंनी वंदना ऐजा रे ऐजा मेरा दानपुरा… की प्रस्तुति दी। लोक गायक जितेंद्र तोम्क्याल ने पानी पिले दे पनेरा पानी.., धन्य हो हमारी देवभूमि…, संगीता रड़ गयूं बांज पतेलूं में…, हाथ पैरली घड़ीला…, रूमाली का गांठा रूयूड़ि लखनऊ की…., सिलगड़ी का पाल झाला…., आदि गीतों की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
लोकगायिका मीना राणा ने ओ सहिबा ओ साहिबा…, ओ भिना कसके जानूं द्वारहाटा…., चंदना म्यारा पहाड़ आए…. आदि गीतों से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर किया। इसके अलावा स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विशेष सहयोग करने वाले सुरेश राजन, मुकेश गिरि, गौरव पांडेय, विनोद बडेला, विकास गिरि, राजेश जोशी, अभिषेक गंगोला, चंचल कुंवर आदि को सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. बीसी जोशी, राजेंद्र गहतोड़ी और नीरज जोशी ने किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, ईओ अशोक वर्मा, सभासद रेखा तिवारी, लक्ष्मी देवी, कविता गोस्वामी, लोकेश पुनेठा, रोहित बिष्ट, कैलाश पांडेय, मोहन भट्ट, कलावती देवी मौजूद रहीं।
गोल्ज्यू महोत्सव में पहुंच रहे लोग कर रहे जमकर खरीददारी
चम्पावत। 10 दिनों तक चलने वाले गोल्ज्यू महोत्सव में भले ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन संपन्न हो गया हो, लेकिन महोत्सव में लगी दुकानों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। महोत्सव में बच्चों के झूले, रेलगाड़ी सहित खेलकूद और खाने के कई स्टॉल लगे हैं। जिनको लेकर बच्चों में खासा उत्साह बना हुआ है।

