लोहाघाट: रोडवेज कर्मियों ने ठेका प्रथा के विरोध में किया प्रदर्शन
लोहाघाट। रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने परिवहन निगम में ठेका प्रथा को फिर से शुरू करने के निर्णय का विरोध किया है। उन्होंने जोरदार प्रदर्शन कर ठेका प्रथा बंद न करने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
यूनियन के अध्यक्ष रमेश मुरारी और प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मनोज मिश्रा के नेतृत्व में रोडवेज कर्मचारियों ने सोमवार को बस स्टेशन में ठेका प्रथा के विरोध में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पहले भी रोडवेज परिवहन निगम ने ठेका प्रथा लागू की थी जिसे विरोध के बाद वर्ष 2013 में बंद किया था। उन्होंने कहा कि निगम फिर से ठेका प्रथा लागू करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ठेका प्रथा में वेतन समय से न मिलना, फंड जमा न करना जैसी समस्याएं रहती हैं। निगम को भी टैक्स का घाटा हो रहा है। कहा कि ठेका प्रथा लागू होने पर कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि किसी भी हाल में रोडवेज में ठेका प्रथा लागू नहीं होने दी जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में महिपाल सिंह, संजीव चंद, किशन सिंह, पूरन सामंत, मुकेश चंद, शंकर कार्की, जाकिर अली, इरशाद अली आदि रहे।
