15 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला : दुबई पहुंची उत्तराखंड पुलिस, चार साल से फरार शातिर को किया गिरफ्तार
देहरादून/पिथौरागढ़। उत्तराखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की सीबीसीआईडी टीम ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से फरार आरोपी जगदीश पुनेठा को गिरफ्तार किया है। दुबई के प्रशासन ने जगदीश पुनेठा को उत्तराखंड सीबीसीआईडी को सौंपा। जगदीश पुनेठा पर निवेश के नाम पर उत्तराखंड के कई लोगों से करीब 15 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप है।
पिथौरागढ़ के रहने वाले लीलाधर पाटनी ने जगदीश पुनेठा, ललित पुनेठा, चन्द्र प्रकाश पुनेठा निवासी सिलपाटा पिथौरागढ़ और पंकज शर्मा निवासी झारखंड के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में शिकायत की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने निर्मल बंग कमोडिटी में निवेश का झांसा देकर उनसे करीब 8 लाख रुपए की ठगी की। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए ललित पुनेठा और पंकज शर्मा को गिरफ्तार किया। साथ ही उनके खिलाफ पुलिस कोर्ट में आरोप पत्र भी दाखिल कर चुकी है। वहीं जगदीश पुनेठा फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ पुलिस ने जुलाई 2024 में मफरूरी में आरोप पत्र प्रेषित किया था।

इसके अलावा जगदीश पुनेठा के खिलाफ शेयर बाजार, निर्मल बंग कमोडिटी, रॉयल पैन्थर प्रा लि और मातृछाया आभूषण प्रा लि आदि में निवेश कराने के नाम पर अनेक लोगों से धोखाधड़ी के मामले थाना पिथौरागढ़ और जाजरदेवल में दर्ज कराए। इसी आधार पर साल 2023 में गिरोह बनाकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने पर पुलिस ने आरोपी जगदीश पुनेठा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया।
उत्तराखंड पुलिस ने फरार जगदीश पुनेठा के खिलाफ साल 2022 में पांच हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था, तभी से आरोपी फरार चल रहा था। साल 2021 से ही इस मामले में जांच सीबीसीआईडी सेक्टर हल्द्वानी के निरीक्षक प्रताप सिंह नेगी की तरफ से की जा रही है।
सीबीसीआईडी की जांच में खुलासा हुआ था कि आरोपी जगदीश पुनेठा ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 15 करोड़ रुपए की ठगी की है। वहीं दो करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की। इसी बीच पिथौरागढ़ पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दुबई में छिपा हुआ है। इसके बाद सीबीसीआईडी ने सीबीआई की मदद से इंटरपोल से समन्वय स्थापित कर आरोपी जगदीश पुनेठा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी कराया। इसी आधार पर NCB Abu Dhabi (Interpol) की सहायता से अभियुक्त को दुबई में गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त की हिरासत के बाद NCB Abu Dhabi ने सीबीआई के माध्यम से एक सुरक्षा मिशन गठित किए जाने की सूचना उत्तराखंड पुलिस को प्रदान की गई। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने मनोज कुमार ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी देहरादून (टीम लीडर), ललित मोहन जोशी, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली पिथौरागढ़ सतीश कुमार शर्मा, निरीक्षक, एएनटीएफ पिथौरागढ़ की एक टीम गठित कर 10 नवंबर 2025 को दुबई भेजी। ये 13 नवंबर 2025 को जगदीश पुनेठा सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कर भारत लाई। इसके बाद आरोप को पिथौरागढ़ कोर्ट में पेश किया गया।

