चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत सरस कार्बेट महोत्सव के तहत हुआ 95 किमी डाउनहिल साइकलिंग का आयोजन

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव के तहत शनिवार को 95 किलोमीटर लंबी डाउनहिल साइकलिंग एवं चूका से खिरद्वारी तक माउंटेन हिल बाइकिंग अभियान का आयोजन किया गया। आइटीबीपी की 36वीं वाहिनी परिसर से कमांडेंट संजय कुमार और जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

अभियान के दौरान बनलेख, अमोड़ी, चल्थी धनुष पुल, सूखीढांग, किरोड़ा और टनकपुर स्टेडियम में फीडिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस साहसिक यात्रा में आईटीबीपी के 15 जवानों के साथ पिथौरागढ़ और चम्पावत के 10 युवा भी शामिल हुए, जिससे युवाओं में रोमांच और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला।


शुभारंभ अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी बेगराज मीणा, सहायक सेनानी अनिल कुमार, मनमोहन, प्रिंस दत्ता, डॉ. फिलिप, डॉ. शुभम मोहनपुरिया, एसएम दिनेश बिष्ट, इंस्पेक्टर गोपाल वर्मा, सुखबीर सिंह और मनोज परिकर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि आईटीबीपी सदैव जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करती है। उन्होंने बताया कि प्रशासन से देर रात सूचना मिलने के बावजूद जवान सुबह पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ तैयार मिले, जो बल की तत्परता और समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि मॉडल जिले में पर्यटन विकास, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में आईटीबीपी की सक्रिय भागीदारी रही है।

जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित सरस कॉर्बेट महोत्सव मॉडल जिले में साहसिक पर्यटन के नए द्वार खोल रहा है। ऐसे आयोजन न केवल युवाओं को अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि जिले की प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभियान के दौरान पुलिस और स्काउट टीम मार्गदर्शन करते हुए आगे बढ़ी, जिससे प्रतिभागियों को सुरक्षित मार्ग और सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सका।