चम्पावत : कलश कला संगीत समिति की ओर से होगा खड़ी होली का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे वर्चुअल शुभारंभ
चम्पावत। प्राचीन कुमाऊंनी लोकपरम्परा खड़ी होली के संरक्षण एवं संवर्धन को कलश कला संगीत समिति चम्पावत की ओर से सांस्कृतिक आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य समृद्ध लोकसंस्कृति को पुनर्जीवित करना, युवाओं को बढ़ती नशे की प्रवृत्ति से दूर कर रचनात्मक एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा पारंपरिक सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ 24 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। यह दो दिवसीय कार्यक्रम डीएस लडवाल स्टेडियम, चम्पावत में आयोजित किया जाएगा। 24 एवं 25 फरवरी को प्रतिदिन 5-5 होली दल पारंपरिक वाद्ययंत्रों एवं विशिष्ट कुमाऊंनी शैली में अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से भव्य झांकी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कुमाऊं की लोकसंस्कृति, वेशभूषा एवं परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की जाएगी।

कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि यह आयोजन जनपद की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं को नशामुक्ति की दिशा में प्रेरित करेगा। खड़ी होली जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा मिलेगा तथा सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित होगा।

