उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

हल्द्वानी में आम आदमी पार्टी को मिला अपार समर्थन, केजरीवाल की रैली में उमड़ा जनसैलाब, तस्वीरें देखें

ख़बर शेयर करें -

जैसे दिल्ली बदली, वैसे ही उत्तराखंड भी बदल सकता है: अ​रविंद केजरीवाल

हल्द्वानी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की रैली में जनसैलाब उमड़ा। आम आदमी पार्टी को लोगों का अपार समर्थन मिला। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि जैसे दिल्ली बदली है वैसे ही उत्तराखंड भी बदल सकता है। उत्तराखंड के लोगों को कमाल कर दिखाना है। हमारी पार्टी में कोई नेता नहीं है, बल्कि सभी आम आदमी हैं। हम दूसरी पार्टियों की तरह नहीं हैं। हम देश बदलने आए हैं। भ्रष्टाचार मिटाने आए हैं। मर जाएंगे, मिट जाएंगे लेकिन तिरंगे को झुकने नहीं देंगे।
हल्द्वानी में आप आदमी पार्टी की तिरंगा संकल्प यात्रा के दौरान एक जनसभा में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड में चुनाव एक आंदोलन होने वाला है, एक क्रांति होने वाली है। हर बच्चे को नौकरी और रोजगार मिल सकता है। हमने और कर्नल अजय कोठियाल ने प्रदेश को बदलने की पूरी तैयारी कर ली है। उत्तराखंड के लोग कमाल करके दिखाएंगे, चाबी आपके हाथ में है। इससे पूर्व उन्होंने भारत माता की जय, वंदेमातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाकर लोगों में जोश भरा। पूरी यात्रा में केजरीवाल ने लोगों का अभिवादन हाथ हिलाकर किया। कुछ जगहों पर उन्होंने लोगों पर माला भी फेंकी। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा में पहुंची महिलाओं ने यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा भी की।

केजरीवाल के रामलीला मैदान नहीं आने पर मायूस हुए लोग
हल्द्वानी। अरविंद केजरीवाल तिरंगा रैली में तो शामिल हुए लेकिन रैली के रामलीला मैदान पहुंचने से पहले ही वह दिल्ली के लिए निकल गए। केजरीवाल को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे थे, लेकिन केजरीवाल के रामलीला मैदान नहीं आने पर सभी को मायूसी हुई।

रामलीला मैदान न पहुंचने की बताई वजह
हल्द्वानी। यात्रा का समापन रामलीला मैदान में होना था। पार्टी ने इसकी पूरी तैयारी कर ली थी। यहां अरविंद केजरीवाल को भी पहुंचना था, लेकिन यात्रा ओके होटल के पास संपन्न हो गई। दिल्ली के सीएम ने जनसभा में इसकी वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में पहुंचने का रास्ता नहीं है। भीड़ काफी ज्यादा है इसलिए यात्रा को यहीं पर समाप्त कर रहा हूं। इस मौके पर कर्नल अजय कोठियाल, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, इलेक्शन कमेटी चेयरमैन दीपक बाली, पूर्व डीआईजी अनंतराम चौहान, प्रदेश प्रवक्ता सुमित टिक्कू, बसंत कुमार, जरनैल सिंह काली, एसएस कलेर, शिशुपाल रावत, शादाब आलम, यूनुस चौधरी, राजेश बिष्ट आदि मौजूद रहे।

हाथों में तिरंगा, पार्टी का झंडा और झाड़ू
हल्द्वानी। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा था। कार्यकर्ता पार्टी का झंडा, झाड़ू से लेकर केजरीवाल का मास्क लगाकर भी चल रहे थे। यात्रा के दौरान देश भक्ति गीत के साथ कुमाऊंनी गीत भी बज रहे थे। कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह था। कई लोग पार्टी की टी-शर्ट पहने हुए थे।

तोरणद्वार बनाए, पोस्टर, बैनर से पटा शहर
हल्द्वानी। आम आदमी पार्टी ने तिरंगा संकल्प यात्रा के प्रचार को लेकर खासी मेहनत की थी। यात्रा मार्ग पर पोस्टर, झंडियां, बैनर लगाने के साथ तोरण द्वार भी बनाए गए थे।

नेताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन
हल्द्वानी। तिरंगा संकल्प यात्रा के जरिये पार्टी पदाधिकारियों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। यात्रा में शामिल लोग पार्टी पदाधिकारियों के पोस्टर लेकर चल रहे थे।
सोशल मीडिया के जरिये भी प्रचार
हल्द्वानी। आप ने यात्रा की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा। यात्रा से जुड़ी फोटो, वीडियो खूब शेयर हुए।

10 हजार लंच पैकेट बनवाए गए थे
हल्द्वानी। आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने आए लोगों के लिए भोजन और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की थी। हल्द्वानी में रैली में शामिल होने आए लोगों के लिए 10 हजार लंच पैकेट तैयार कराए गए थे और 10 हजार पानी की बोतलें भी रामलीला मैदान में पहुंचाई गईं थीं। हल्द्वानी में भोजन पैकेट बनाने के लिए करीब 50 कारीगरों की टीम बाहर से बुलाई गई थी। लंच पैकेट हल्द्वानी के एक बैंक्वेट हाल में तैयार किए गए थे।

Ad