चल्थी-कठौल मार्ग पर हादसा: अनियंत्रित कार 70 मीटर गहरी खाई में गिरी, पुलिस ने घायलों को बचाया
चम्पावत। आज बुधवार 10 जून की भोर में कठौल-चल्थी मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, मुनस्यारी (पिथौरागढ़) से सोनीपत (हरियाणा) जा रही एक कार संख्या HR10 AN 7221 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना प्रातः 03:21 बजे डीसीआर के माध्यम से मिली।


दुर्घटना की सूचना मिलते ही चल्थी पुलिस चौकी की टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खाई में गिरे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेज दिया गया है। इस समयबद्ध और त्वरित कार्रवाई के कारण घायलों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सकी, जिससे एक बड़ा संकट टल गया।
वहीं घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मोहित (33) पुत्र जगजीत, अमनदीप (30) पुत्र राकेश कुमार तथा अतुल (32) पुत्र सतपाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं विवेक सिंह (32) पुत्र वीरेंद्र सिंह और कार चालक आदित्य (32) पुत्र स्व. नरेश कुमार, निवासी शहजादपुर, सोनीपत (हरियाणा), को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चौकी प्रभारी राकेश कठायत ने बताया प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद, चम्पावत पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। पुलिस ने चालकों से आग्रह किया है कि वाहन चलाते समय पर्याप्त आराम करें और लंबी यात्रा के दौरान थकान या नींद आने पर किसी सुरक्षित स्थान पर गाड़ी रोककर विश्राम अवश्य करें।याद रखें, आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।

