नवीनतममनोरंजन

अभिनेता-निर्देशक सतीश कौशिक का निधन, अनुपम खेर ने ट्वीट कर दी जानकारी

ख़बर शेयर करें -

बॉलीवुड से एक दुखद खबर आई है। जाने-माने अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने 66 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा। अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि दी है। बता दें, सतीश कौशिक महामारी के दौरान कोविड से संक्रमित भी हुए थे।

अनुपम खेर ने ट्वीट किया, जानता हूं ‘मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है!’ पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त सतीश कौशिक के बारे में लिखूंगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम! ओम् शांति!


सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ था। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1983 में आई फिल्म ‘मासूम’ से की थी। उन्होंने अब तक करीब 100 फिल्मों में काम किया। उन्होंने 1990 में ‘राम लखन’ के लिए और 1997 में ‘साजन चले ससुराल’ के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता) जीता था। थिएटर अभिनेता के रूप में उनकी सबसे प्रसिद्ध भूमिका हिंदी के नाटक ‘सेल्समैन रामलाल’ में की थी। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ (1993) थी, जिसमें श्रीदेवी मुख्य भूमिका में थीं।
निर्देशक के रूप में उनकी पहली हिट फिल्म ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ थी, जो 1999 में रिलीज हुई थी। 2005 में, कौशिक ने अर्जुन रामपाल, अमीषा पटेल और जायद खान अभिनीत फिल्म वादा का निर्देशन किया था। 2007 में कौशिक ने अनुपम खेर के साथ मिलकर करोल बाग प्रोडक्शंस नामक एक नई फिल्म कंपनी शुरू की। इस बैनर तले उनकी पहली फिल्म तेरे संग थी, जिसका निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था।

Ad