लंबे इंतजार के बाद एकता सरोवर पार्क का हुआ लोकार्पण, झूले कैंटीन नौकायन फव्वारों का आनंद लेंगे लोग, टहलने वालों के लिए बनाया गया है पाथ-वे

पीलीभीत। शहर के बीचोंबीच स्थित विशाल ऐतिहासिक एकता सरोवर पार्क का सौंदर्यीकरण होने के बाद लोकार्पण हो गया है। सांसद वरुण गांधी ने यहां पहुंच कर पार्क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर शहर के सैकड़ों लोग अपने बच्चों के साथ पार्क घूमने पहुंचे। पिछले 30 वर्षों से शहर के बीचों बीच एकता सरोवर पार्क शुरू होने की आस लगाए शहरवासियों का सपना आज पूरा हो गया। जब पहली बार मेनका गांधी यहां से सांसद बनीं, तब तत्कालीन जिलाधिकारी जयशंकर मिश्र की देखरेख में इस विशाल सरोवर का सौंदर्यीकरण कराया गया था। लेकिन उनके जाने के बाद देखरेख के अभाव यह जीर्ण शीर्ण होता चला गया। उसके बाद करीब 15 वर्ष पूर्व एक बार फिर उसकी बाउंड्री वाल का निर्माण करा दिया गया था। इधर पिछले दो वर्षों से फिर सौंदर्यीकरण चल रहा था। इधर डीएम पुलकित खरे के आने के बाद काम में काफी तेजी आई। सरोवर के बीचों बीच विशाल फब्बारे का निर्माण किया गया, झूले लगाए गए। टहलने वालों के लिए पाथ वे का निर्माण किया गया। ढाई सौ से अधिक पोल लगाकर पार्क को जगमगा दिया गया। पार्क में कैंटीन और सुलभ शौचालय का निर्माण किया गया है। मुख्य गेट पर पुलिस चौकी स्थापित की गई है। बच्चों के लिए काफी झूले लगाए गए हैं। नाव का भी संचालन होगा, जिस पर बैठकर लोग सरोवर में घूमने का आनंद लेंगे। एकता सरोवर लोकार्पण कार्यक्रम में बरखेड़ा विधायक किशन लाल राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल, चेयरमैन विमला जायसवाल, पूर्व चेयरमैन प्रभात जायसवाल, सभासद महेंद्र पाल, ईओ सुरेंद्र प्रताप सिंह, जेई इंद्रजीत सिंह, आबिद अली मोहम्मद साबिर, शहर के तमाम सभासद और पार्क घूमने आए सैकड़ों महिला पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।


