उत्तराखण्डखेलचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26: चम्पावत के विष्णु गिरि गोस्वामी और शंकर गाड़िया गोवा में दिखाएंगे दम

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 के लिए चम्पावत जनपद से दो दिग्गज खिलाड़ियों का चयन उत्तराखंड की टीम में हुआ है। जनपद के वरिष्ठ फार्मासिस्ट विष्णु गिरि गोस्वामी और युवा कल्याण विभाग के व्यायाम प्रशिक्षक शंकर गाड़िया इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए गोवा रवाना हो गए हैं। यह प्रतियोगिता 15 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक गोवा के मपुसा और पेडेम स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।

दोनों खिलाड़ियों ने देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय चयन ट्रायल्स में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रदेश की टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की। 15 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक गोवा में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी व कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं।

खिलाड़ियों का परिचय …

विष्णु गिरि गोस्वामी:— जिला अस्पताल चम्पावत में सीनियर फार्मेसी ऑफिसर के पद पर तैनात गोस्वामी इससे पूर्व विगत 2024-25 में भी दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता में 55+ आयुवर्ग में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस वर्ष वह 50+ आयुवर्ग में खेलेंगे । वह अपनी फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण के लिए क्षेत्र में खासे लोकप्रिय हैं। उनकी निरंतरता और खेल के प्रति जुनून युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

शंकर गाड़िया:— युवा कल्याण विभाग में व्यायाम प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत शंकर गाड़िया खेल की बारीकियों के जानकार हैं और अपनी फुर्तीली तकनीक के लिए जाने जाते हैं।वह इस प्रतियोगिता में ओपन वर्ग में खेलेंगे।

एक साथ दो खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से चम्पावत के खेल प्रेमियों और विभागीय सहयोगियों में भारी उत्साह है। जिला अस्पताल परिवार, युवा कल्याण विभाग और स्थानीय खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में पदक जीतने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।