ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज बैडमिंटन: उत्तराखंड के शटलरों ने गोवा में गाड़ा जीत का झंडा, जीते 3 कांस्य पदक
देहरादून/पणजी। गोवा के मापुसा में आयोजित प्रतिष्ठित ‘ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025-26’ में उत्तराखंड की टीम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार सफलता हासिल की है। कड़े मुकाबलों के बीच उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने Men’s 40+ (वेटरन) श्रेणी में तीन कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
इन खिलाड़ियों ने जीता पदक
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बनाए रखा…
1— पुरुष एकल में डॉ. मानस साह ने अपने शानदार खेल और तकनीक के दम पर कांस्य पदक हासिल किया।
2— पुरुष युगल में डी. सी. पांडे और रवि रावत की जोड़ी ने कोर्ट पर बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
3— मिश्रित युगल में नवनीत पांडे और कविता भगत की जोड़ी ने भी राज्य की झोली में एक और कांस्य पदक डाला । टीम मैनेजर जगदीश नेगी एवं कोच अनुज नेगी के नेतृत्व में उत्तराखंड के 24 खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था ।




चम्पावत से उत्तराखंड की टीम में विष्णु गिरी और शंकर गड़िया ने इस उच्च स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया।
दयानंद बांदोडकर क्रीड़ा संकुल, मापुसा में आयोजित इस टूर्नामेंट में देशभर के 1000 से अधिक सिविल सेवा अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। उत्तराखंड के खिलाड़ियों की सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने अपने चुनौतीपूर्ण दायित्वों के साथ-साथ खेल के प्रति अपने समर्पण को बनाए रखा है। डॉ. मानस, डीसी पांडे, रवि रावत, नवनीत और कविता की यह जीत राज्य के अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। यह फिट इंडिया अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने का एक जीवंत उदाहरण है।

