जनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

सीढ़ियों से गिर कर बुजुर्ग की मौत हुई, कूकर फटने से दो झुलसे, वाहनों की टक्कर में एक घायल

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत/टनकपुर। जनपद मुख्यालय से करीब दस किमी दूर के एक गांव में सीढ़ियों से गिरने के चलते एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं टनकपुर में खाना बनाते समय कूकर फटने से दो लोग झुलस गए। वहीं खटीमा रोड पर दो वाहनों की आपस में हुई टक्कर में एक बुजुर्ग घायल हो गए।

चम्पावत जिला मुख्यालय से दस किमी दूर खूना बलाई में एक बुजुर्ग व्यक्ति सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को 80 वर्षीय प्रहलाद राम घर की सीढ़ियों से अचानक नीचे गिर गए। इससे उन्हें काफी चोटें आईं। परिजन उन्हें गंभीर स्थिति में चम्पावत अस्पताल लाए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया कि सीढ़ियों से गिरने से उनके शरीर में कई जगह चोट आ गई थी और खून का सर्कुलेशन बंद हो गया होगा। इससे बुजुर्ग की मौत हो गई।

खाना बनाते समय कुकर फटा, दो झुलसे
टनकपुर। निकटवर्ती ग्राम खेतखेड़ा में चूल्हे में खाना बनाते समय एक प्रेशर कुकर फट गया। हादसे में दो लोग झुलस कर घायल हो गए। जिन्हें चिकित्सकों ने उपचार के बाद घर भेज दिया। कुकर में अतिरिक्त गैस भरने से हादसे की संभावना है। जानकारी के अनुसार खेतखेड़ा गांव निवासी पूरन मासी के घर में गुरुवार को मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था। उनके रिश्तेदार पंचम कुमार और किरन देवी अन्य लोगों के लिए कुकर में खाना बना रहे थे। तभी चूल्हे में खाना बनाते समय कुकर अचानक से फट गया। जिससे खाना बना रहे दो लोग झुलस गए। कुकर फटने की आवाज इतने जोर से गूंजी की आस-पास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया। ग्रामीण पूरन मासी ने बताया कि कुकर फटने से कोई भी जनहानि नहीं हुई है। दोनों घायल सुरसुक्षित हैं।

वाहनों की सामने सामने की टक्कर में एक घायल
टनकपुर। खटीमा रोड पर बोलेरो और कार में हुई आमने-सामने की टक्कर में कार सवार बुजुर्ग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ज्ञानखेड़ा पंचायत घर के पास मोड़ में बोलेरो और कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 65 वर्षीय कौशल राम पुत्र लालू राम घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए तुरंत उप जिला अस्पताल लाया गया। डॉ़.आफताब आलम ने बताया कि घायल को मामूली चोटें आई थीं। उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया। वहीं पुलिस ने बताया कि हादसे के मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।