चंपावतनवीनतमबनबसा

बनबसा : मीटर रीडिंग लेने गए विद्युत कर्मी को कुत्ते ने काटा, पुलिस से की शिकायत

ख़बर शेयर करें -

बनबसा/चम्पावत। पम्पापुर गढ़ीगोठ क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब बिजली मीटर रीडिंग लेने गए मीटर रीडर अंकुर अग्रवाल पर एक पालतू कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले में विद्युत कर्मी को गंभीर चोट आई है। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़ित ने बताया कि कुत्ते ने उनके सिर पर बुरी तरह काट लिया और करीब तीन से चार इंच तक मांस का टुकड़ा बाल सहित उखाड़ दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह कुत्ते को भगाया और गंभीर रूप से घायल अंकुर अग्रवाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित ने बताया कि वह गढ़ीगोठ स्थित पम्पापुर में विद्युत उपभोक्ता धर्म सिंह के घर मीटर रीडिंग लेने गए थे। इसी दौरान उनके पालतू कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और कर्मचारी या नागरिक की जान खतरे में न पड़े।