चम्पावत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन, न्यूनतम मानदेय 25 हज़ार करने की मांग
चम्पावत। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम मानदेय 25 हजार किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिले भर की तमाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। उन्होंने मोटर स्टेशन से कलेक्ट्रेट रोड तक जुलूस निकाला। पुलिस बल ने उन्हें कलक्ट्रेट की ओर आगे नहीं बढ़ने दिया। जिसके बाद उन्होंने भैरवां टैक्सी स्टैंड में बनाए गए धरना स्थल में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला आंगनबाड़ी संगठन अध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में मानदेय बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर आक्रोश रैली निकाली गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले भर के विभिन्न हिस्सों से भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उन्हें बायोमेट्रिक मशीन से न जोड़े जाने, सुपरवाइजर पदों में प्रतिवर्ष वरिष्ठता के के आधार पर विज्ञप्ति निकाले जाने, 60 साल की सेवानिवृत्ति होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक लाख रुपये दिए जाने, सेवानिवृत्त होने की आयु सीमा को 62 साल करने, भवन भत्ते में बढ़ोतरी करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अन्य विभागों के कार्य कराई जाने पर उस विभाग से 1000 प्रतिमाह दिए जाने, नन्दा गौरा योजना का लाभ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रताओं को दिए जाने जैसी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
जिले के टनकपुर, बनबसा, बाराकोट,लोहाघाट, पाटी से 300 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस दौरान प्रदर्शन में शामिल रहीं। उन्होंने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए आर पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया। प्रदर्शन में संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विमला पनेरू, गोविंदी मेहता, ब्लॉक संगठन से दीपा पांडेय, बबीता, कुसुम अधिकारी समेत तमाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं।

