पिता की डांट से नाराज किशोर ने झील में कूद कर खत्म कर ली जीवन लीला
बागेश्वर। एक युवक ने पिता की डांट से नाराज होकर झील में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले के गरुड़ के चौरसों निवासी 18 वर्षीय स्मिथ उर्फ अंशु ग्रेंडी पुत्र मोहित ग्रेंडी ने बीते सोमवार की रात करीब 9:45 बजे बैजनाथ झील में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मंदिर की सुरक्षा में तैनात हरिश्चंद्र ने जैसे ही स्मिथ को झील में छलांग लगाते देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम युवक के रेस्क्यू के लिए घटनास्थल पहुंची ,जहां पर उन्होंने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हालांकि आधे घंटे के बाद युवक को पानी से बाहर निकालकर सीएचसी बैजनाथ ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

स्मिथ उर्फ अंशु की इस हरकत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। स्मिथ के पिता का रो रो कर बुरा हाल है जो उस पल को कोश रहे हैं जब उन्होंने अपने बेटे को पढ़ाई पर ध्यान न देने के लिए डांटा था। उन्हें कहां मालूम था कि उनका इकलौता बेटा उनकी डांट सहन नहीं कर पाएगा। बताया जा रहा है कि स्मिथ पिछले साल इंटरमीडिएट की परीक्षा में फेल हो गया था, जो इस वर्ष प्राइवेट रूप में परीक्षा देने की तैयारी में था। बोर्ड परीक्षाएं नजदीक थी और पिता को चिंता थी कि कहीं इस बार भी उसका रिजल्ट खराब ना हो जाए जिसके लिए वह रोजाना अपने बेटे को पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कहते थे। लेकिन सोमवार को स्मिथ पिता की बात से नाराज होकर घर से भोजन करने के बाद मोबाइल और चार्जर लेकर निकला जो अब कभी घर वापिस नहीं लौटेगा।

