नगर पंचायत पाटी के लिए निर्वाचन एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति
चम्पावत। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने नगर पंचायत पाटी के सामान्य निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों की तैनाती कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन हेतु उप जिलाधिकारी नीतू डांगर को अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन अधिकारी (आरओ) नियुक्त किया गया है, जबकि सदस्य पद के निर्वाचन हेतु कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. नारायण सिंह को निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) की भी नियुक्ति की गई है, जिसके अंतर्गत खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल को अध्यक्ष पद हेतु तथा उप शिक्षा अधिकारी पाटी संजय कुमार भट्ट को सदस्य पद के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नियुक्त अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और शुचितापूर्ण तरीके से चुनावी प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।

