उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

उत्तराखंड : बिजली चोरी केस में 15 हजार की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई लगातार सख्त होती नजर आ रही है। ताजा मामले में बिजली चोरी के प्रकरण में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले पुलिस विभाग के एक एएसआई को रंगे हाथों पकड़ा गया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हलचल तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिनेशपुर निवासी एक व्यक्ति ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि थाना गदरपुर में उसके खिलाफ दर्ज बिजली चोरी के मुकदमे की जांच कर रहे एएसआई अनवर अहमद केस समाप्त करने के बदले 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन किया। आरोपों की पुष्टि होने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। तय रणनीति के तहत 24 फरवरी को आरोपी एएसआई को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।
विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अनवर अहमद वर्तमान में थाना दिनेशपुर, जनपद उधम सिंह नगर में तैनात थे और विवेचना के नाम पर शिकायतकर्ता पर दबाव बना रहे थे। इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे साफ संदेश गया है कि सरकारी पद का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।