भूपेंद्र पटेल होंगे गुजरात के नए मुख्यमंत्री, नरेंद्र सिंह तोमर ने किया ऐलान

विजय रूपाणी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद गुजरात में सियासी संकट को सुलझाने के लिए रविवार को विधायक दल की बैठक हुई। इसमें राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का फैसला भी हो गया। गुजरात के अगले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल होंगे। पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मीडिया के सामने उनके नाम का एलान करते हुए कहा कि आज हुई बैठक में पटेल को विधायक दल का नेता चुना गया है। भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री बनाए जाने के ऐलान के बाद विजय रूपाणी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया के समक्ष संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उन्नति कर रहा है। खास बात यह है कि पटेल पाटीदार समुदाय से आते हैं। ऐसे में भाजपा ने सभी समीकरणों को साधने का प्रयास किया है।
