मुख्यमंत्री के टनकपुर भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों की मांग पर बड़ा निर्णय
सेपक टकरा, बास्केटबॉल व हॉकी के नए प्रशिक्षण कैंप होंगे शुरू
चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के टनकपुर भ्रमण के दौरान आयोजित मुख्य सेवक संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा जनपद में सेपक टकरा, बास्केटबॉल एवं हॉकी के प्रशिक्षण कैंप प्रारंभ किए जाने की मांग की गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा इस मांग को गंभीरता से लेते हुए खेल गतिविधियों के विस्तार एवं युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार खेल विभाग चम्पावत द्वारा आगामी सत्र 2026-27 में टनकपुर क्षेत्र में सेपक टकरा, बास्केटबॉल एवं हॉकी के नवीन प्रशिक्षण कैंप प्रारंभ किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह पहल जनपद के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से इन खेलों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर संचालित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खेल विभाग द्वारा पूर्व से ही खेल निदेशालय की स्वीकृति के साथ विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण शिविर संचालित किए जा रहे हैं, किंतु स्थानीय खिलाड़ियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा नए खेलों के कैंप प्रारंभ करने की मांग को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने आगे बताया कि प्रस्तावित नए प्रशिक्षण कैंप 15 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 15 मार्च 2027 तक निरंतर संचालित किए जाएंगे। इन कैंपों में प्रशिक्षित कोचों द्वारा खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस, कौशल विकास तथा प्रतियोगिताओं हेतु विशेष तैयारी कराई जाएगी, जिससे खिलाड़ी उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। यह पहल न केवल जनपद में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगी, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के विकास में भी सहायक सिद्ध होगी। साथ ही, खेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं करियर के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। जनपद के इच्छुक खिलाड़ी इन प्रशिक्षण कैंपों में प्रतिभाग करने हेतु किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला क्रीड़ा कार्यालय, चम्पावत से संपर्क कर सकते हैं।

