टनकपुर : बस्टिया के पास बाइक डिवाइडर से टकराई, चार घायल, तीन रेफर
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस्टिया के पास एक बाइक डिवाइडर से टकरा कर दुघर्टनाग्रस्त हो गई। हादसे में 4 लोग घायल हो गए। सभी घायल रिश्तेदार बताए गए हैं। घायलों को उप जिला चिकित्सालय लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद 3 लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार 31 अक्टूबर की अपरान्ह बाइक संख्या (यूके 03डी/1310) टनकपुर से सूखीढांग धूरा की ओर जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस्टिया के समीप बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में संदीप जोशी (26) पुत्र आलोक जोशी, उनकी रिश्तेदार रेखा जोशी (27) पत्नी मनोज जोशी, अमन जोशी (10) पुत्र मनोज जोशी और शिवांश जोशी (7) पुत्र मनोज जोशी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टनकपुर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉ. नौनिहाल सिंह ने बताया कि रेख जोशी, अमन जोशी और शिवांश जोशी को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर चोट होने के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है। जबकि संदीप जोशी का इलाज टनकपुर अस्पताल में किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


