एनएच बंद मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष के बयान के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल महारा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
एनएच को खोलने का युद्ध स्तर पर किया जा रहा है कार्य, जल्द मार्ग को खोलकर लोगों को दी जायेगी राहत
चम्पावत। टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष पूरन कठायत के बयान के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल माहरा ने कड़ा प्रहार करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल महारा ने कहा कि कांग्रेस सरकार आपदाओं के समय घरों में बैठकर अधिकारियों को निर्देश देने के अलावा कुछ नहीं करती थी, लेकिन बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा पीड़ितों के साथ घर घर जाकर उनका हाल जान रहे हैं।
कहा कि दैवीय आपदाएं किसी भी समय सूचनाओं के आदान-प्रदान करने से नहीं आती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि चम्पावत जिले के साथ साथ प्रदेश में बीजेपी की ओर से लगातार हर वर्ग एवं हर क्षेत्र में जाकर आपदा प्रभावितों से मिलकर उन्हें तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। निर्मल माहरा ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए उनके द्वारा एनएच बंद की टिप्पणी के बाद कड़ा प्रहार किया है। माहरा ने कहा कि कांग्रेस के दौर में भी अनेक आपदाएं आई थीं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता घरों में बैठे हुए थे। लेकिन आपदाओं के दौर में भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर आपदा प्रभावितों की मदद कर रहे हैं और जिला प्रशासन से भी लगातार उन्हें मदद दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि चम्पावत टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्वाला के समीप लगातार पहाड़ी से मालवा आने के कारण यातायात के बाधित चल रहा है। उसे खोलने का जिला प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर हर प्रकार से लोगों को मदद देने की भाजपा सरकार की ओर से कार्रवाई की जा रही है। कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी जिला प्रशासन को जल्द से जल्द आपदा प्रभावितों को मदद देने और राष्ट्रीय राजमार्ग को सुचारु करने के निर्देश जारी किए गए हैं। माहरा ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही कमजोर मानसिकता को लेकर राजनीति करते आ रही है।
