चम्पावत के भाजपा जिलाध्यक्ष पाठक ने प्रेस वार्ता कर बताईं मोदी सरकार के आठ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां

टनकपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष कैम्प कार्यालय में प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के आठ साल की उपलब्धि के बारे में बताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले आठ सालों में मोदी जी के नेतृत्व में देश नयी ऊंचाइयों पर पंहुचा है। मोदी जी का मुख्य उद्देश्य सेवा, सुशासन व गरीबों का उत्थान करना है। पाठक ने कहा कि 2014 तक देश निराशा के सागर में डुबा था। चारों ओर नाकारत्मक माहौल था, तभी एक मात्र आशा की किरण मोदी जी के तौर पर देश को दिखी। आज आठ साल बाद वही आशा की किरण एक विश्वास, ऊर्जा, आशा, अपेक्षा का प्रतीक बन चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने 21वीं सदी के भारत के नवनिर्माण में अनेकों महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं, जो कदम कोरोना जैसी महामारी के संकट में भी रुके नहीं। अनुच्छेद 370 को खत्म करके ऐतिहासिक निर्णय लिया और घाटी को युगान्तर कारी परिवर्तन की ओर बढ़ाया। नागरिकता संशोधन कानून के द्वारा मोदी सरकार ने शरणार्थियों को नागरिकता देकर उन्हें गौरवमय जीवन देने का सराहनीय कार्य किया।
जिलाध्यक्ष पाठक ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी है। जिसका एक उदाहरण तीन तलाक पर आया कानून है। जब भी मोदी सरकार ने देश हित, समाज हित में कोई निर्णय लिया कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए वोट की राजनीति की, परन्तु कांग्रेस इसमें कभी कामयाब नहीं हो पाई। आज कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर भाजपा का विरोध करते करते देश का विरोध करने लगी है। साथ ही सर्जिकल स्ट्राइक एवं एयर स्ट्राइक पर सवाल उठा कर कांग्रेस, सपा, केजरीवाल, ममता ने सेना की वीरता पर सवाल उठाते हुए सेना का मनोबल गिराने का प्रयास किया।
कहा कि मोदी जी ने खेलो इंडिया के मंत्र से खेल के क्षेत्र में हमारे युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। जिसके फलस्वरूप कई सालों बाद हमारे देश के खिलाड़ी लगातार मैडल जीत कर हमारे देश का सम्मान बड़ा रहे हैं। आज विश्व के लगभग 10 सम्मानित देशों ने प्रधानमंत्री मोदी जी को अलग अलग सम्मानों से सम्मानित किया है। मोदी सरकार के 5 प्रमुख स्तंभ हैं सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, नवाचार, दृढ़ इच्छाशक्ति, इन्ही 5 आधारों पर हमने संकल्प से सिद्धि की यात्रा को जारी रखा है। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में पारदर्शी और स्वच्छ सरकार में कभी कोई समझौता नहीं किया।
कहा जो विपक्षी दल कहते थे कि पहाड़ों पर सड़कें नहीं बन सकतीं, विकास नहीं हो सकता, सुविधाओं का अभाव रहेगा, उन्हें आज उत्तराखंड को देखना चाहिए। केंद्र की मोदी सरकार ने कभी भी उत्तराखंड में सांसदों की कम संख्या को देख कोई भी विकास कार्य की फाइल वापस नहीं की, जो 2014 से पहले ख़ारिज कर दी जाती थी। जिसका उदाहरण आल वैदर रोड, कर्ण प्रयाग रेल लाइन, टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन सर्वे की स्वीकार्यता देना है। दीप पाठक ने कहा कि जिस तरह प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार जीत दिला कर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई है, उसे देख कर हमें आशा ही नहीं पूरा विश्वास है कि राज्य की जनता उत्तराखंड की प्रगति की दिशा में मोदी जी व मुख्यमंत्री धामी जी के प्रयासों को यूं ही मजबूती प्रदान करती रहेगी।
