उत्तराखण्ड

जोशीमठ पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को करना पड़ा रोष का सामना, एसडीएम पर लगे गंभीर आरोप

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड का जोशीमठ शहर इन दिनों अपने अस्तिव को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। वहां के लोग इन दिनों विकट परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। उनमें गुस्सा भी है और वह दिनों दिन बढ़ रहा है। तमाम नेता उनकी सुध लेने पहुंच रहे हैं। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी जोशीमठ पहुंचे, लेकिन उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।
उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट जोशीमठ में प्रभावित इलाकों को निरीक्षण करने पहुंचे थे कि तभी लोगों ने उन्हें घेर लिया और अपना आक्रोश व्यक्त किया। महेंद्र भट्ट लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे, लेकिन अपने आशियानों को उजड़ता देखे लोग महेंद्र भट्ट की एक बात भी सुनने को तैयार नहीं थे। आक्रोशित लोगों ने वहीं पर महेंद्र भट्ट के खिलाफ नारेबाजी भी की। हालांकि मौके पर मौजूद बीजेपी के कुछ कार्यकर्ता किसी तरह महेंद्र भट्ट को भीड़ से दूर लेकर गए।

मालूम हो कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट बदरीनाथ विधानसभा सीट से बीजेपी के पूर्व विधायक रहे हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में महेंद्र भट्ट को कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी ने हराया था। महेंद्र भट्ट से पहले जोशीमठ की एसडीएम कुसुम जोशी का वीडियो भी सामने आया। इस वीडियो में लोग एसडीएम कुसुम जोशी पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। गौरतलब है कि भू धंसाव के बाद जोशीमठ में हालात दिन प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं। सरकार राहत और बचाव के कार्यों में तेजी के साथ कर रही है, ताकि किसी तरह के जानमाल के नुकसान होने से बचाया जा सके। वहीं, प्रशासन की टीम ने सर्वे कर मकानों पर लाल निशाना लगाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि जिन भवनों पर लाल निशान लगाया गया है, वो सुरक्षित नहीं है और उन्हें जल्द ही गिराया जाएगा।