भाजपा के युवा नेता की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल


उत्तराखंड में चल रही विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच नैनीताल जिले से दुखद खबर आ रही है। जानकारी मिल रही है कि वहां भाजपा के एक युवा नेता की सड़क हादसे में मौत हो गई है। हादसे में जान गंवाने वाले आशीष कटियार नैनीताल भाजपा नगर मंडल के उपाध्यक्ष थे। जानकारी के अनुसार नैनीताल निवासी 27 वर्षीय आशीष कटियार अपने साथी ललित के साथ सोमवार को परिवार के किसी बीमार सदस्य के लिए दवा लेने के लिए स्कूटी से रामपुर गए थे। बताया जाता है कि बीती रात लौटते समय स्कूटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ललित घायल हो गया। उसे परिजन रामपुर अस्पताल ले गए। आशीष अपने पीछे माता पिता, पत्नी, चार साल बेटे को छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आशीष के निधन पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट, पूर्व विधायक सरिता आर्य, भाजपा नगर अध्यक्ष आनंद बिष्ट, उपाध्यक्ष भूपेंद्र बिष्ट, अरविंद पडियार, शांति मेहरा, गोपाल रावत, वाल्मीकि समुदाय के दिनेश कटियार, गिरीश भैया, ओमप्रकाश भैया समेत अन्य ने गहरा शोक प्रकट किया है।

