ब्लाक का लेखाकार 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार,विजिलेंस की टीम ने की कार्रवाई
हल्द्वानी। अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लाक में तैनात लेखाकार को विजिलेंस की टीम ने बुधवार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। विजिलेंस की अल्मोड़ा जनपद में यह दूसरी कार्रवाई है। पिछले माह जागेश्वर में एक वन कर्मचारी टीम ने 25 हजार रुपये की घूस लेते गिरफ्तार किया था।
जानकारी के अनुसार लमगड़ा ब्लाक के लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट के खिलाफ विजलेंस को शिकायत मिली थी। इसमें कहा गया था कि शिकायतकर्ता से उसके स्वीकृत हुए तीन लाख रुपये रुपये के शौचालय निर्माण कार्य के टैंडर की एफडीआर रिलीज करवाने की एवज में लेखाकार की ओर से पैसे की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने पर की थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी जिला नैनीताल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामले दर्ज किया गया। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर के एसपी की ओर से इसको लेकर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन की गई। टीम ने ब्लाक मुख्यालय पहुंच कर अभियुक्त हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बिष्ट अल्मोड़ा नगर के नंदा देवी के निकट बांसमीड़ा मोहल्ले का रहने वाला है। इधर निदेशक सतर्कता डा वी मुरूगेशन ने टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।

