चंपावतटनकपुरनवीनतमस्वास्थ

टनकपुर : उप जिला चिकित्सालय में ब्लड स्टोरेज यूनिट का हुआ शुभारंभ

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र में अब खून की कमी लोगों की जिंदगी पर भारी नहीं पड़ेगी। उप जिला अस्पताल को ब्लड स्टोरेज की सौगात मिली है। शनिवार 29 नवंबर से ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन शुरू हुआ। शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने किया। उन्होंने कहा कि इस यूनिट से खून की जरूरत को पूरा किया जा सकेगा। यूनिट का लाभ टनकपुर व बनबसा क्षेत्र की करीब 70 हजार की आबादी को मिलेगा। इसके अलावा सीमा पार नेपाल के लोगों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

अब तक यहां के लोगों को खून की जरूरत होने पर रुद्रपुर, नैनीताल सहित दूसरे जिलों की दौड़ लगानी पड़ रही थी। ब्लड स्टोरेज बनने से इस समस्या से निजात मिलेगी। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि लाइसेंस मिलने के बाद टनकपुर में ब्लड स्टोरेज यूनिट को शुरू कर दिया गया है। स्टोरेज में हर ग्रुप का चार-चार यूनिट रक्त रखा गया है। ब्लड स्टोरेज की मदर यूनिट चम्पावत ब्लड बैंक होगी। पैथोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि मदर यूनिट चम्पावत से 16 यूनिट रक्त लेकर आईं। इस साल सितंबर में भवन निर्माण के अलावा डीप फ्रीजर, माइक्रोस्कोप, लैब तकनीशियन आदि की जरूरतों को पूरा किया गया था। कई बार समय पर रक्त नहीं मिलना जानलेवा तक साबित होता रहा है। ब्लड स्टोरेज के संचालन से खून की कमी की वजह से ऑपरेशन, गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं, हादसे या दूसरी तरह की इमरजेंसी में होने वाली दुश्वारी कम हो सकेगी।