संदिग्ध परिस्थितियों में गधेरे में मिला संविदा वनकर्मी का शव, परिजनों में मचा कोहराम
नैनीताल। पिछले 5 दिनों से लापता चल रहे संविदा वनकर्मी का शव गधेरे में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के नयना देवी बर्ड रिजर्व के अंतर्गत किलबरी क्षेत्र स्थित सौड निवासी दयाल सिंह किलबरी 54 गेस्ट हाउस में संविदा वनकर्मी के चौकीदार के पद पर तैनात थे। बीते 5 अप्रैल की सुबह दयाल सिंह बिना बताए गेस्ट हाउस से कहीं चले गए थे। दयाल सिंह दोपहर तक जब वापस नहीं लौटे तो अन्य कर्मियों ने उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर विभागीय टीम ने दयाल सिंह को आसपास काफी खोजा लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन जब दयाल के घर में फोन किया गया तो परिजनों ने बताया की दयाल घर नही पहुंचे है। वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की की ओर से कोतवाली में शिकायती पत्र देकर दयाल सिंह की खोजबीन करने की मांग की गई। जिसके बाद बीते गुरुवार 9 अप्रैल को गधेरे में दयाल का शव बरामद हुआ। पुलिस प्रशासन ने बताया की मृतक के शव के पास से कंबल भी बरामद हुआ है।

