नवीनतमपिथौरागढ़हादसा

पिथौरागढ़ में आधी रात को घर के ऊपर गिरा बोल्डर, 11 साल के लड़के की मौत, दो घायल

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में घर में सोते लोगों के ऊपर पहाड़ी से आया बोल्डर मकान तोड़ते हुए जा गिरा। इससे एक लड़के की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये घटना देवतपुरचौड़ा गांव की है।

पिथौरागढ़ तहसील के नजदीकी गांव देवतपुरचौड़ा में आधी रात अचानक पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर रघुवीर प्रसाद, नरेश कुमार पुत्र स्वर्गीय शिव राम के मकान की दीवारें तोड़ते हुए अंदर घुस गया। घर के अंदर गहरी नींद में सो रहा पूज्य कुमार उर्फ प्रिंस उम्र 11 साल बोल्डर के नीचे आ गया। इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घर में ही सो रहे रघुवीर प्रसाद और नरेश कुमार नाम के दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई। बताया जा रहा है कि पूज्य कुमार अपने परिवार के साथ यहां पर रिश्तेदारी में आया हुआ था। वो वर्तमान में दिल्ली में रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरफ की टीमें देर रात्रि को घटना स्थल पर पहुंची और राहत बचाव का कार्य शुरू किया। बताया जा रहा दोनों घायलों का इलाज किया गया है। वहीं मृतक बच्चे का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। इधर घटना से परिवार में कोहरा मच गया है। गांव में पहले भी पहाड़ी से बोल्डर आने से कई घरों को नुकसान पहुंचा था। पहाड़ी के नीचे बसा यह गांव हमेशा खतरे की जद में रहता है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया है कि सोमवार देर रात लगभग एक बजे पहाड़ी से बोल्डर आने के कारण एक 11 वर्षीय बच्चे की मौके पर मौत हो गई थी। दो लोग घायल हो गये थे। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों ने मौके जाकर राहत बचाव का कार्य शुरू कर दिया।

Ad