भाई-भाभी पर लगाया संपत्ति के लिए मां की हत्या करने का आरोप, हाईकोर्ट के अधिवक्ता ने दर्ज कराया मुकदमा

देहरादून। उत्तराखंड हाईकोर्ट में वकालत करने वाले एक वकील ने अपने सगे भाई व भाभी पर अपनी मां की हत्या करने व साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने उसके भाई-भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल के तल्लीताल निवासी अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी मां के नाम उत्तर प्रदेश और बिहार में डेढ़ से दो करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति है। उनका भाई अमर सिंह मां पर संपत्ति अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। इसीलिए वह मां को बहला फुसलाकर देहरादून स्थित अपने घर ले आया। उनकी मां दिल की मरीज थीं और उनका कुछ माह से एम्स दिल्ली में इलाज चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि अमर सिंह व उनकी पत्नी कंचन सिंह ने मां को समय पर दवा नहीं दी। तबीयत खराब होने पर उनकी मां को 10 जून को मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां 16 जून को उनकी मौत हो गई।
अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि 10 जून की रात को वह मां से मिलने के लिए गए तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया। 11 जून को वह थानाध्यक्ष राजपुर के माध्यम से अपनी मां से मिलने पहुंचे तो अस्पताल में सुरक्षा अधिकारी ने उनसे मिलने नहीं दिया। आरोपितों ने उनकी मां के साथ अस्पताल में बल प्रयोग किया। उनकी मां के हाथ पर चोट का निशान भी था। अधिवक्ता ने बताया कि अमर सिंह व कंचन सिंह ने आपराधिक षडयंत्र रचकर उनकी मां को जीवरक्षक दवा समय पर नहीं दी, जिसके कारण उनकी मां का निधन हो गया। अधिवक्ता कुंवर सिंह ने मामले में अस्पताल के चिकित्सक पर भी आरोपितों को सहयोग करने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष राजपुर राकेश शाह ने बताया कि अमर सिंह व उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

