उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

सड़क पर आई भैंस बनी जानलेवा, पंतनगर में दो कारों की भीषण भिड़ंत, एक की मौत

ख़बर शेयर करें -

दूसरी कार में सवार सभी लोग कैंची धाम में दर्शन कर रुद्रपुर लौट रहे थे, बच्चों समेत नौ घायल

पंतनगर। ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भैंस के अचानक सड़क पर आ जाने से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टांडा मोड़ स्थित संजय वन के पास दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, यूके-04 एफ-8000 नंबर की फोर्ड कार रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, जबकि यूपी-14 एफयू-0516 नंबर की कार हल्द्वानी से रुद्रपुर लौट रही थी। इसी दौरान संजय वन के पास एक भैंस अचानक सड़क पर आ गई। बताया गया कि यूपी नंबर की कार पहले भैंस से टकराई और उसके बाद अनियंत्रित होकर सामने से आ रही फोर्ड कार से जा भिड़ी। फोर्ड कार में सवार मोहित सडाना (30), उनकी पत्नी शारदा सडाना (26), बेटा रुद्र (7) और बेटी नंदिनी (2) को मामूली चोटें आईं। वहीं दूसरी कार में सवार संतोष राम (40), संतोष अग्निहोत्री (51), रक्षपाल सिंह (45), आनंद जय सिंह और विनोद मिगलानी (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने तत्काल निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। उपचार के दौरान दिनेशपुर निवासी विनोद मिगलानी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर की मोर्चरी भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दूसरी कार में सवार सभी लोग कैंची धाम में दर्शन कर रुद्रपुर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह सड़क पर अचानक भैंस का आ जाना माना जा रहा है।