उत्तरकाशीनवीनतमहादसा

यमुना नदी में गिरी कार, फौजी जवान समेत दो युवकों की हुई मौत

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भीषण सड़क हादसे की ऐसी ही एक खबर उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री हाईवे से सामने आ रही है जहां डामटा के पास शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर सीधे यमुना नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक युवक फौजी बताया जा रहा है। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सन्नाटा छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार कार संख्या UK07HA/ 3697 डामटा के रिखाऊं खड्ड क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई पार करते हुए यमुना नदी में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डामटा पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। तेज बहाव और दुर्गम इलाके के बीच बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम को नदी किनारे दो शव मिले, जिन्हें बाहर निकालकर हाईवे तक पहुंचाया गया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

Ad Ad

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों में तुषार खत्री (25 वर्ष) पुत्र दिनेश, निवासी ढुइंक, रिखाऊं, पुरोला व अजय (26 वर्ष) पुत्र मिजान सिंह, निवासी ढुइंक, रिखाऊं, पुरोला शामिल थे।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने गांव से डामटा की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक तुषार खत्री, भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स में कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी तैनाती असम में थी। करीब 3 वर्ष पहले सेना में भर्ती हुए तुषार इन दिनों छुट्टियों पर घर आए हुए थे। जबकि अजय अपने घर का इकलौता चिराग बताया जा रहा है।

थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत ने बताया कि कार में सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। शवों को खाई से निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। एक ही गांव के दो युवकों की अचानक मौत से ढुइंक गांव में गहरा दुख और सन्नाटा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घटना पर शोक जताया है। गांव के लोग इस हादसे को अब तक का सबसे दुखद पल बता रहे हैं। जवान बेटों की असमय मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।