चमदेवल में चैतोला मेले का आगाज, मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, विदेशों से भी पहुंचे श्रद्धालु

चम्पावत। लोहाघाट विकास खंड के गुमदेश क्षेत्र के प्रसिद्ध चमदेवल स्थित चौखाम बाबा चमू देवता मंदिर में तीन दिवसीय चैतोला मेले का शुभारंभ शुक्रवार को हो गया है। मेला विधि-विधान, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच बेहद भव्य अंदाज में शुरू हुआ। पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र ‘जय चमू देवता’ के उद्घोष से गूंज उठा।

मंदिर में भास्कर पांडेय और अनुराग पांडेय द्वारा विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। पुरोहित शंकर दत्त पांडेय व मेला समिति अध्यक्ष खुशाल सिंह धौनी ने बताया कि पहले दिन आधा दर्जन गांवों से आए जत्थों ने मंदिर पहुंचकर परिक्रमा की और माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। इस दौरान चमू देवता के धामी राहुल सिंह, लाटेश्वर के लाटा जोगा सिंह, भरगड़ा के तारा सिंह और रुद्र देवता के देव डांगर लक्ष्मण सिंह पुजारी ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।

शुक्रवार को त्यूरी, बरगोली, मड़, धौनी शिलिंग, जिंडी, बसकुनी, न्योलटुकरा, जाख, सिरकोट और चौपता समेत कई गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा और ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर पहुंचे। देर शाम पूजा के बाद परंपरा अनुसार चमू देवता का खाली डोला मड़ गांव ले जाया गया, जहां रातभर भजन-कीर्तन और जागरण हुआ। विधिवत पूजा अर्चना के साथ सैकड़ों लोग इस प्रसिद्ध मेले के शुभारंभ के साक्षी बने। देश विदेश में बसे लोग इस मेले में धार्मिक आस्था के चलते शामिल होने पहुंचे हैं।

डोला यात्रा शनिवार को मड़ गांव से चमू देवता का डोला रथ में सवार होकर धामी के साथ रस्सों के सहारे मंदिर लाया जाएगा, जिसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इससे पहले एक दर्जन गांवों के जत्थे भव्य जुलूस के साथ मंदिर की परिक्रमा करेंगे। चैतोला मेले की आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि विदेशों में रह रहे क्षेत्रवासी भी इस अवसर पर अपने गांव लौट आए हैं। चौपता गांव निवासी कल्याण सिंह धौनी (लंदन), ओमान से गणेश पुजारी, मड़गांव के कमल सिंह और दिल्ली निवासी कर्नल मदन नाथ गोस्वामी सपरिवार मेले में शामिल हुए। मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और एसएसबी के जवानों की तैनाती की गई है।

