चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमलोकसभा चुनाव 2024

चम्पावत : मतदान केंद्रों पर पहुंचीं सभी पोलिंग पार्टियां, कल होगा मतदान

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिले में 19 अप्रैल यानी कि शुक्रवार को पहले चरण में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। लोकतंत्र के महापर्व में मतदान कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले मतदान कार्मिक गुरुवार को सुबह से गोरल चौड़ मैदान पहुंचने लगे थे। यहां से उनकी रवानगी की प्रक्रिया शुरू हुई। बुधवार को जनपद की दोनों विधानसभाओं के लिए कुल 17 पोलिंग पार्टियां मतदान संपन्न कराने के लिए रवाना हुईं। जिसमें विधानसभा 54 लोहाघाट के लिए 05 तथा 55 विधानसभा के लिए 12 मतदान पार्टियां रवाना हुई। वहीं, गुरुवार को दोनों विधानसभाओं के लिए शेष 327 पोलिंग पार्टियां (54-लोहाघाट के लिए 180 तथा 55 चम्पावत के लिए 147) आज गुरुवार को अपने गंतव्य को रवाना हुईं। सभी मतदान पार्टियां शाम छह बजे तक मतदान केंद्रों तक पहुंच गई थीं। अंतिम पार्टी चलथिया पंहुची। जबकि प्रथम पार्टी प्राथमिक विद्यालय गौरलचौड़ पहुंची।

गोरल चौड़ स्थित वेयर हाउस से जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी नवनीत पांडे की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री ईवीएम, वीवीपैट और निर्वाचन सामग्री प्राप्त कर मतदेय स्थलों के लिए रवाना हुईं। सभी अधिकारी और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी सुबह 6 बजे से ही वेयरहाउस पर पहुंच गए थे। पोलिंग पार्टियां पुलिस अभिरक्षा के बीच चुनाव सामग्री लेकर रवाना हुईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों को शांतिपूर्ण निष्पक्ष मतदान हेतु शुभकामनाएं दीं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया की शुक्रवार को मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। शाम पांच बजे तक जो मतदाता मतदेय स्थल के भीतर प्रविष्ट हो जाएंगे, वह वोट डाल सकेंगे। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों को निर्वाचन दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया की जनपद के 172 पोलिंग बूथों की लाइव वेबकास्टिंग होगी, जिसे जिलों के अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में भी देखा और सुना जा सकेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन- 2024 हेतु जनपद में 2- 2 विशेष मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जिसमें सखी बूथ, यूवा बूथ, दिव्यांग बूथ तथा यूनिक बूथ हैं। इन बूथों को बनाने का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। सखी बूथ में सभी मतदान कर्मचारी महिलाएं होंगी। वहीं दिव्यांग बूथ में सभी कर्मचारी दिव्यांग तथा युवा बूथ में सभी कर्मचारी 40 वर्ष से नीचे की आयु के होंगे। इन बूथों में विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ साथ इन सभी विशेष बूथों को बहुत अच्छे से सजाया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान के दिन पोलिंग बूथों पर मतदान के दौरान मोबाइल ले जाना वर्जित होगा। किसी भी हाल में चुनाव के दौरान मतदान की गोपनीयता को भंग नहीं होने दिया जाये। इसके लिए उन्होंने सभी को सख्त हिदायत दी गई है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की गई हैं की शुक्रवार को मतदान दिवस के दिन अपने अपने बूथों में जाकर अवश्य मतदान करें तथा औरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। क्योंकि यह हमारा अधिकार होने के साथ-साथ अपने राष्ट्र के लिए एक कर्तव्य भी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, जनपद की दोनों विधानसभाओं के सहायक रिटर्निग ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ad