चम्पावत : भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया अमर्यादित आचरण का आरोप, पुतला फूंका
गैरसैंण में इसी सप्ताह हुए विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस की भूमिका पर भाजपा ने निशाना साधा
चम्पावत। गैरसैंण में इसी सप्ताह संपन्न हुए विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस की भूमिका पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। विधानसभा सत्र के दौरान अमर्यादित आचरण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या का आरोप लगाते हुए सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चम्पावत मुख्य बाजार में आज 22 अगस्त को कांग्रेस का पुतला फूंका।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाए कि विपक्ष के नेता और उप नेता के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने सदन के भीतर अराजकता, तोड़फोड़ व सदन को नहीं चलने देना, आपदा जैसे संजीदा मुद्दों पर सदन पर चर्चा नहीं कर प्रदेश की जनता के साथ दगा किया है। यहां तक कि कांग्रेसी विधानसभा में सोने में मस्त हैं। पार्टी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा हैं। जबकि कांग्रेस सत्ता पाने की छटपटाहट में बेजा हरकतें कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत के नेतृत्व में पुतला दहन करने वालों में उत्तराखंड वन एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, सुंदर सिंह बोहरा, विकास साह, नंदन तड़ागी, सूरज प्रहरी, प्रकाश बिनवाल, प्रकाश पांडेय, राजू बिष्ट, आनंद अधिकारी, पारस महर, अजय नरियाल, ललित भट्ट, नवीन तड़ागी, अजय प्रहरी, त्रिलोक राम आदि शामिल रहे।
