चम्पावत : भाजपा ने महिला मोर्चा के नेतृत्व में कांग्रेस का पुतला फूंका
चम्पावत। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय से मुख्य बाजार तक जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी प्रकरण में कांग्रेस तुच्छ व निष्कृष्ट राजनीति कर रही है। कहा कि कांग्रेस इस मामले से पूरे प्रदेश का माहौल खराब करने की साजिश रच रही है। इस दौरान जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत और दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हर मोर्चे पर असफल होने के बाद अब जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस के पास अपने आरोपों से जुड़े ठोस तथ्य हैं, तो उन्हें पुलिस या हाईकोर्ट के समक्ष लिखित रूप में क्यों नहीं प्रस्तुत किया जाता। केवल आरोप-प्रत्यारोप से न्याय की प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस बौखलाई हुई है और इसी हताशा में वह एक दिवंगत बेटी के नाम को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। वक्ताओं ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनहीन करार दिया।
प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, गौरव पांडेय, कैलाश अधिकारी, सुनीता मुरारी, सरोज चंद, विनीता फर्त्याल, रेखा देवी, पुष्पा जोशी, किरन खर्कवाल, रुक्मणी उनियाल, किरन पंगरिया, आनंद अधिकारी, नंदन तड़ागी, हरीश जोशी, प्रकाश बोहरा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।


