चम्पावत : सीएम धामी की होली पर बड़ी सौगात, कीमतोली–रौसाल सड़क के लिए ₹12 करोड़ स्वीकृत
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत को होली के अवसर पर बड़ी सौगात देते हुए 20 किलोमीटर लंबी कीमतोली–रौसाल सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य को ₹12 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह महत्वपूर्ण सड़क लगभग 20 गांवों को जोड़ती है, जिससे क्षेत्र की लगभग 10,000 की आबादी प्रत्यक्ष रूप से लाभांवित होगी।
सड़क के सुदृढ़ीकरण से आवागमन सुगम होगा। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाजार तक बेहतर पहुंच प्राप्त होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उल्लेखनीय है कि उक्त सड़क के डामरीकरण की मांग क्षेत्रीय जनता द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान भी ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के समक्ष सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई थी। जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा प्रस्ताव को त्वरित रूप से शासन को प्रेषित किया गया, जिस पर शीघ्र निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी।

