चम्पावत # राज्य व केंद्र सरकार की नाकामियों को गिनाने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस

चम्पावत। राज्य सरकार की नाकामी को जनता के बीच पहुंचाने के लिए चम्पावत जिला कांग्रेस कमेटी न्याय पंचायत स्तर पर पद यात्रा निकालेगी। साथ ही आम लोगों तक पार्टी की बात पहुंचाने के लिए आईटी सेल को मजबूत किया जाएगा। जिलास्तरीय बैठक में यह भी तय किया गया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी समेत तमाम मुद्दों को लेकर जनता के बीच जागरुकता अभियान चलाया जाएगा।


रविवार को नगर के एक होटल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश से आए एआईसीसी के समन्वयक संजय गौतम और आईटी इंचार्ज असदउद्दीन ने कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार आम जनता के हितों का ध्यान रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। दिनों दिन बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व अन्य समस्याओं के चलते आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकारों को आम लोगों की दिक्कतों से कोई सरोकार नहीं रह गया है। केंद्र व राज्य सरकार केवल दिखावा कर रही है। जनता किन परेशानियां से गुजर रही है, इस ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। बैठक में कार्यकर्ताओं को डबल इंजन सरकार की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाने के टिप्स दिए गए। आईटी सेल के इंचार्ज ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए आम जनता तक पार्टी की बात सीधे पहुंचाई जा सकती है। इसके लिए उन्होंने पार्टी के सोशल मीडिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। कहा कि भाजपा झूठ बोलने पर यकीन करती है। दोनों सरकारों के झूठ को सोशल मीडिया के जरिए बेहतर तरीके से जनता के सामने रखा जा सकता है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की। बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी के प्रत्येक नेता से मुलाकात की जाएगी। साथ ही तय हुआ कि सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों से मुलाकात कर उनके विचारों को जानने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि कार्यकर्ताओं को अपने अपने घरों पर पार्टी के झंडे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। न्याय पंचायत स्तर पर व्हाट्सए ग्रुप भी बनाए जाएंगे। संचालन जिला महामंत्री विकास साह ने किया। बैठक में भगीरथ भट्ट, निर्मला गहतोड़ी, नवीन मुरारी, हरगोविंद बोहरा, हरीश चौधारी, सुमन महारा, विमला महारा, देवकी फर्तयाल, प्रहलाद सिंह अधिकारी, उमेश खर्कवाल, अशोक कार्की, खुशाल सिंह अधिकारी, आशा टम्टा, सरिता अधिकारी, छत्तर सिंह कठायत, मयूख चौधरी, प्रकाश महारा, रोहित बिष्ट, कविराज मौनी, नारायण राम, बालादत्त थ्वाल, जगदीश जोशी, हरीश उप्रेती आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
