चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम कैंप कार्यालय गेट पर किया धरना प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें -

अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने व दोषियों को कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग

चम्पावत। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच व दोषियों को कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के गेट पर धरना दिया। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इतना ही नहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले में हीलाहवाली करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफा दिए जाने की मांग की। वहीं प्रशासन ने एहतियातन मौके पर पुलिस तैनात कर दी।

चम्पावत के मादली में पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में गोरलचौड़ मैदान के समीप स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक नारेबाजी के साथ पैदल मार्च किया। कार्यकर्ता अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे। जैसे ही कार्यकर्ता सीएम कैंप कार्यालय के गुख्य गेट के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने गेट के पास ही धरना शुरू कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि धामी सरकार अंकिता की हत्या में शामिल आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की।

हंगामा बढ़ता देख एसडीएम अनुराग आर्या मौके पर पहुंचे और उन्होंने वार्ता कर उन्हें समझाया। कांग्रेसियों ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। जिसमें अंकिता को न्याय दिलाने और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में पिछले दिनों हुए नए खुलासों से स्पष्ट है कि बड़े लोगों की संलिप्तता को दबाया गया। आरोप लगाया कि जांच में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की गई और अब सीबीआई जांच की जरूरत है, ताकि सच्चाई सामने आए। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, निर्मला गहतोड़ी, एडवोकेट नवीन मुरारी, निर्मल तड़ागी, डॉ. श्याम सिंह कार्की, लोकेश पांडेय, पवन पांडेय, नानू बोहरा, केदार सिंह, मनीष महर, अब्दुल नाजिम समेत तमाम कार्यकर्ता शामिल रहे।